ओएफएम परिसर स्थित तालाब में 15 दिन पहले डूबने से हुई गौरव की मौत के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। मृतक की मां ने मोदीनगर निवासी दो युवकों के खिलाफ गौरव को डुबाकर मारने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर मुरादनगर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसओ सुबोध सक्सेना ने बताया कि 10 जून को ओएफएम परिसर स्थित अस्पताल के पास तालाब मेें डूबने से मोदीनगर चुना भट्टी निवासी गौरव (25) पुत्र बिट्टू की मौत हो गई थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। मृतक की मां लता देवी का आरोप है कि गौरव की हत्या उसके दो दोस्तों संदीप और राहुल निवासी चुना भट्टी मोदीनगर ने डुबाकर की है। शुरू ही वह दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा रहे थीं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी।
इस पर शनिवार को उन्होंने परिजनों के साथ एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर मुरादनगर पुलिस ने हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ सुबोध सक्सेना का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जाएगी।