गाजियाबाद। बेटे के साथ अनिष्ट की आशंका जताते हुए शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंची महिला को एक पुलिसकर्मी ने यह कहकर टरका दिया कि धमकी ही तो दी है, मार थोड़े ही दिया, जब मार देंगे तब आ जाना। इस संबंध में भट्टा नंबर पांच की रहने वाली रामवती ने एसएचओ सिहानी गेट से शिकायत की है।
उनका आरोप है कि उनके बेटे पवन को उसकी पत्नी और एक व्यक्ति कहीं लेकर चले गए हैं, वह धमकी देकर गए हैं कि पवन की हत्या कर उन्हें और उनके छोटे बेटे को झूठे केस में फंसवा देंगे। उन्हें शक है कि आरोपियों ने उसके साथ कुछ कर न दिया हो।
रामवती ने बताया कि जब वह यह शिकायत लेकर चौकी पर पहुंची तो एक पुलिसकर्मी ने उनकी शिकायत लेने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि धमकी ही तो दी है। जब उन्होंने कहा कि उन्हें शक है कि बेटे के साथ कुछ हो न गया हो तो वह बोला, जब मार देंगे तब आ जाना।
इस संबंध में एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम का कहना है कि जांच में पता चला है कि पवन पत्नी और बच्चों के साथ खुद घर छोड़कर गया है। उसका मां और छोटे भाई से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद है। महिला की शिकायत की जांच कराई जा रही है। अगर पुलिसकर्मी ने अभद्र व्यवहार किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।