रमजान का पवित्र महीना रविवार से शुरू हो रहा है। रविवार को पहला रोजा होने और तरावीह की नमाज के चलते शाम को शहर में रूट डायवर्जन रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने जीटी रोड पर शनिवार शाम सात बजे से सोमवार रात दो बजे तक एमएमजी अस्पताल के आसपास ट्रैफिक डायवर्ट करने का फैसला किया है।
साथ ही मेरठ तिराहे से चौधरी मोड़ तक किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक श्याम नारायण सिंह ने बताया कि इस रूट को बंद कर ट्रैफिक को डायवर्ट कर निकाला जाएगा। इसके अलावा डायवर्जन प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ सिविल पुलिस भी रहेगी।
यह होगा डायवर्जन
लाल कुआं की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को चौधरी मोड़ से घंटाघर की तरफ जाने नहीं दिया जाएगा। यह वाहन अंबेडकर रोड से होकर कालका गढ़ी चौराहे से निकाले जाएंगे।
मेरठ तिराहे से घंटाघर की तरफ जाने वाले वाहनों को हापुड़ मोड़ पर ही रोक दिया जाएगा। वाहनों को मेरठ तिराहे से पुराना बस अड्डा होते हुए निकाला जाएगा।
लाल कुंआ और साजन मोड़ से किसी भी भारी वाहन को चौधरी मोड़ की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। वाहनों को विवेकानंद नगर फ्लाई ओवर के होकर निकाला जाएगा।