रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे सूबेदार को शिकार बनाने वाले उस्तरा गैंग के चार बदमाशों को जीआरपी ने बृहस्पतिवार को पकड़ कर वारदात का खुलासा किया। उनके पास से सूबेदार का लूटा गया बैग, 21 मोबाइल, एक टैबलेट और तीन उस्तरे व चाकू बरामद हुआ है।
जम्मू की आर्म्ड ब्रिगेड 8वीं बटालियन में तैनात व नगला कमले थाना जैथरा एटा निवासी आर्मी सूबेदार अरविंद मंगलवार की रात गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3/4 पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
रात करीब दो बजे चार बदमाशों ने चाकू मार उन्हें घायल कर बैग, मोबाइल, नगदी लूट ली थी। सीओ जीआरपी रणधीर सिंह ने बताया कि घटना के बाद थाना प्रभारी सोमवीर सिंह के नेतृत्व में दो टीमें बनाई गईं थीं।
चेकिंग के दौरान टीम ने प्लेटफार्म नंबर-5/6 से चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ की गई तो उन्होंने सूबेदार पर हमला कर लूट करना कुबूल किया है। अन्य वारदातों का भी खुलासा किया है।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाश श्रवण निवासी गांव चाइदा, खगरिया बिहार, प्रदीप उर्फ इलाहाबादी निवासी पुराना बाजार इलाहाबाद, अशहर हुसैन उर्फ गुड्डु गाजी मंडी फिरोजाबाद और रवि निवासी पहाड़गंज नई दिल्ली हैं।
रवि फिलहाल विजयनगर के माधोपुरा और प्रदीप उर्फ इलाहाबादी साहिबाबाद के विक्टोरिया मोहल्ले में रहता है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाश काफी समय से ट्रेनों में यात्रियों से लूट की वारदातें कर रहे थे।
इनमें से प्रदीप उर्फ इलाहाबादी और अशहर उर्फ गुड्डु नई दिल्ली जीआरपी थाने से पहले भी हत्या और एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुके हैं। श्रवण आनंद विहार और साहिबाबाद जीआरपी थाने से लूट व चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
सूबेदार पर हमले और लूट का खुलासा महज 48 घंटे में कर देने पर डीजी रेलवे ने 25 हजार और एसपी जीआरपी ने पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।