बुलंदशहर और जेवर में हाईवे पर हुई दरिंदगी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए गाजियाबाद पुलिस ने नया प्लान तैयार किया है। पुलिस का दावा है कि रात 9 से सुबह 6 बजे तक हाईवे से गुजरने वाले हर परिवार को पुलिस सुरक्षा देगी। इसके लिए हर दो किलोमीटर क्षेत्र की सुरक्षा एक पीआरवी और एक लैपर्ड को सौंपी गई है।
असुरक्षित महसूस करने पर लोग 100 नंबर पर कॉल करते हैं तो पीसीआर उन्हें सुरक्षित स्थान तक लेकर जाएगी।एसएसपी एचएन सिंह ने बताया कि मेरठ तिराहे से लेकर मोदीनगर, यूपी गेट से लेकर मसूरी और ज्ञानी बॉर्डर से लेकर लाल कुआं तक हर दो किलोमीटर में एक पीसीआर और एक लैपर्ड तैनात रहेगी और बराबर गश्त करती रहेंगी।
इससे आपराधिक घटनाओं को तो रोका ही जा सकेगा, साथ ही हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को आपातकालीन स्थिति में मदद मिलेगी। 100 नंबर पर कॉल कर लोग हाईवे पर पीसीआर की मदद ले सकते हैं।
एसएसपी ने बताया कि तीनों हाईवे पर लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं के ब्लैक स्पॉट चिंह्ति किए जा रहे हैं। इन सभी प्वाइंट पर विशेष रूप से पुलिस तैनात रहेगी। रात 9 से सुबह 6 बजे तक 60 यूपी डायल-100 की पीआरवी, 51 पीसीआर वैन, कंट्रोल रूम से जुड़ीं 75 लैपर्ड बाइक, और थानों पर काम कर रहीं 121 लैपर्ड बाइक हाईवे की सुरक्षा में तैनात रहेंगी।
यहां तैनात रहेंगी पीआरवी-लैपर्ड
एनएच-24 पर यूपी गेट, काला पत्थर कट, सीआईएसएसफ कट, हिंडन पुल, विजयनगर कट, एबीईएस कट, लाल कुआं, डासना और मसूरी।
एनएच-58 पर मेरठ तिराहा, श्रीराम पिस्टन, राजनगर एक्सटेंशन, मनन धाम कट, मुरादगनर और मोदीनगर।
जीटी रोड पर ज्ञानी बार्डर, शालीमार गार्डन कट, राजेंद्र नगर कट, मोहन नगर, अर्थला कट, राजनगर एक्सटेंशन कट, ठाकुरद्वारा तिराहा, गगन एंक्लेव कट और लाल कुआं पर पीआरवी और लैपर्ड तैनात रहेंगी।