गाजियाबाद। आरुषि-हेमराज मर्डर केस की आरोपी नूपुर तलवार को पैरोल की समय सीमा समाप्त होने पर कोर्ट ने वापस डासना जेल भेज दिया है। मंगलवार को नूपुर अपने अधिवक्ता के साथ विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी की कोर्ट में पेश हुई, जहां से उसे डासना जेल भेज दिया गया।
अधिवक्ता मनोज शिशौदिया के अनुसार नूपुर की मां लता चिटनिस (75) अस्पताल में भर्ती थीं और उनकी हालत काफी खराब थी। ऐसे में नूपुर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अर्जी देकर मां की देखरेख के लिए पैरोल पर रिहा किए जाने की मांग की थी।
इस पर 29 अगस्त को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नूपुर के तीन सप्ताह के पैरोल को मंजूरी दी थी। एक सितंबर को बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने गाजियाबाद सीबीआई विशेष कोर्ट में हाईकोर्ट का आदेश और बेलबांड पेश किए थे।
बेल बांड का सत्यापन होने के बाद 5 सितंबर को सीबीआई कोर्ट के आदेश पर नूपुर को तीन सप्ताह के पैरोल पर रिहा कर दिया गया था। नूपुर तलवार के अधिवक्ता मनोज शिशौदिया ने बताया कि नूपुर की मां लता चिटनिस काफी बीमार हैं।
अस्सी साल की उम्र हो जाने के चलते नूपुर के बुजुर्ग पिता उनकी ठीक प्रकार से देखभाल करने में असमर्थ हैं। ऐसे में अपनी मां की देखरेख करने के लिए नूपुर ने कोर्ट से पैरोल पर रिहा किए जाने की मांग की थी। नूपुर की इस अर्जी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 29 अगस्त को तीन सप्ताह के पैरोल की मंजूरी दी थी।