दिनदहाड़े हाईवे पर रावली रोड़ तिराहे के पास बुधवार दोपहर कार सवार दो बदमाशों ने कार में लिफ्ट देकर तमंचे के बल पर वृद्धा से सोने के कुंडल और नगदी लूट ली। वारदात के बाद बदमाश रावली रोड टेलीफोन एक्सचेंज के पास वृद्धा को फेंक गए। पीड़ित वृद्धा की बेटी ने वारदात की तहरीर दी है।बम्हेटा गांव निवासी रामफल की पत्नी मुन्नी (75) बुधवार को सुराना गांव अपनी बेटी से मिलने जा रही थी।
दोपहर करीब एक बजे हाईवे पर रावली रोड तिराहे पर बस से उतरी और सुराना गांव जाने के लिए सवारी का इंतजार करने लगी। इसी बीच नीले रंग की कार आकर महिला के पास रुकी। कार में दो युवक बैठे थे।
महिला ने कार में लिफ्ट ले ली। युवकों ने महिला को कार में बैठा लिया और कुछ दूरी पर आगे जाकर तमंचे से आतंकित कर मुन्नी के सोने के कान के कुंडल और एक हजार रुपये की नगदी लूट ली।
बदमाश वारदात के बाद महिला को टेलीफोन एक्सचेंज के पास फेंककर फरार हो गए। खास बात है कि वृद्धा ने कार में लिफ्ट ली। वहां पर पुलिस की हाईवे गाड़ी खड़ी रहती है। सूचना पर वृद्धा की बेटी और दामाद मौके पर पहुंचे। पीड़िता की बेटी गीता ने चुंगी नंबर तीन पुलिस चौकी पर वारदात की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।