एटीएम बूथ में लोगाें की मदद के बहाने कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात धर दबोचा। उसके पास से पांच एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश कर रही है।
एसएचओ कोतवाली लक्ष्मी चौहान ने बताया कि बुधवार रात जीटी रोड स्थित गगन एंक्लेव के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एटीएम के पास से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया।
युवक के पास से पांच अलग-अलग बैंक के एटीएम बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि वह एटीएम में आने वाले लोगोें की मदद के नाम पर उनके एटीएम बदल देता था। जब वे एटीएम पिन डालते तो पीछे खड़ा होकर पिन देख लेता।
एटीएम और पिन मिलने के बाद दूसरे एटीएम पर जाकर रुपये निकाल लेता था। एसएचओ ने बताया कि आरोपी रोहित लाल बाग कालोनी, लोनी का रहने वाला है। उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
आरोपी अभी तक गिरोह के साथ 50 से ज्यादा लोगों के एटीएम बदलकर ठगी को अंजाम दे चुका है।