सेक्टर-3 निवासी वृद्धा को दो युवकों ने बातों में उलझाकर करीब डेढ़ लाख रुपये की ज्वैलरी उतरवा ली। पहले युवक ने महिला को राह चलते लुटेरों का डर दिखाकर ज्वैलरी उतरवाकर बैग में रखवाई। बाद में ठग के दूसरे साथी ने आकर भविष्यवाणी करते हुए वृद्धा से कहा कि उनके बेटे की मौत हो सकती है।
इसी तरह महिला को बातों में लगाकर युवक ज्वैलरी लेकर फरार हो गए। ठगी की यह वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। वसुंधरा सेक्टर-3 में निवासी विकास त्यागी मर्चेंट नेवी में नेवीगेशन ऑफिसर हैं। वह एक जहाज पर तैनात हैं और वर्तमान में सिंगापुर में हैं।
सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उनकी मां लोकेश त्यागी पास के क्लीनिक से दवा लेकर पैदल घर लौट रही थीं। घर के पास ही पीछे से एक युवक आया और लोकेश से कहा कि यहां आए दिन लूट हो रही हैं। आप कंगन, चेन, अंगूठी उतारकर बैग में रख लो। महिला ने ज्वैलरी उतारी तो युवक ने एक कागज में रखकर उसे महिला के बैग में डाल दिया।
इसके बाद एक और युवक महिला के पास आया और कहा कि वह तपस्वी है और भविष्यवाणी करता है उनके बेटे की जान को खतरा है और उसकी मौत हो सकती है। दोनों ने महिला को बातों में उलझाया और उसके बाद चलते बने। महिला घर पहुंचीं तो बैग में रखे कागज में ज्वैलरी गायब थी। महिला ने मंगलवार को थाना इंदिरापुरम पहुंचकर मामले की शिकायत दी।
एसओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से युवकों की तलाश की जा रही है। महिला ने बताया कि दो कंगन, चेन और अंगूठी की कीमत करीब डेढ़ लाख है।
- पहले पुलिसकर्मी बनकर हो चुकी है ठगी
इससे पहले भी महिलाओं को रोककर खुद को पुलिसकर्मी बताकर कई बार ठगी के मामले सामने आ चुके हैं। वैशाली सेक्टर-4 में इसी तरह बदमाशों ने दो महिलाओं से करीब दो लाख रुपये की ज्वैलरी ठग ली थी। सीओ इंदिरापुरम ने बताया कि राह चलते लोगों से बात न करें। अगर वह जबरन बात करें तो तुरंत शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा कर पुलिस को सूचना दें।