आरडीसी स्थित एलजी कंपनी के बेसमेंट में बने गोदाम में आग लग गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। अग्निशमन कर्मियों ने छह वाटर टेंडरों की मदद से आग बुझाई।
आरडीसी स्थित प्लाट नंबर जे-10 में एलजी कंपनी का शोरूम है। शोरूम के ही बराबर में ही जे-9 के बेसमेंट में उसका गोदाम है। शोरूम मालिक अतुल गुप्ता ने बताया कि आग लगने से गोदाम में रखा लाखों का सामान जल गया है।
आग रविवार रात करीब रात आठ बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। पहले गोदाम में धुंआ निकला। इसके बाद गोदाम में आग लग गई। रविवार होने की वजह से गोदाम बंद था जबकि शोरूम खुला हुआ था।
गोदाम मालिक ने दमकल और पुलिस को आग लगने की सूचना दी। पास में मॉल होने के कारण सड़कों पर वाहन खड़े थे। इसी वजह से अग्निशमन की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में देरी हुई।
गाड़ियां पहुंचने के बाद भी अग्निशमन कर्मी बेसमेंट में नहीं घुस सके, क्योंकि धुआं काफी ज्यादा फैला हुआ था। करीब दो घंटे की मशक्कत कर कर्मचारियों ने गेट से ही पानी की बौछार कर आग बुझाई। एफएसओ ने बताया कि धुआं खत्म होने के बाद ही पता चल पाएगा कि कितना नुकसान हुआ है। क्या-क्या सामान जला है।