राजनगर एक्सटेंशन रोड पर बाइक सवार ठक-ठक गैंग के दो बदमाशों ने दिल्ली के बिल्डर की मर्सडीज कार पर काला तेल डालकर दो लाख की नकदी भरा बैग उड़ा लिया। बिल्डर के ड्राइवर ने बहादुरी दिखाते हुए एक आरोपी को तो दबोच लिया, मगर बैग लेकर दूसरा आरोपी फरार हो गया। बिल्डर की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
पकडे़ गए बदमाश से पुलिस पूछताछ में जुटी है।राजौरी गार्डन दिल्ली के रहने वाले हिमांशु सिंघल बिल्डर हैं। शनिवार दोपहर तीन बजे वह पिता सुनील कुमार सिंघल और ड्राइवर महेंद्र के साथ मर्सडीज कार से दिल्ली से मेरठ जा रहे थे।
हिमांशु ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा सोसायटी के सामने उनकी कार पहुंची, तभी पहुंचे तभी बाइक सवार दो किशोरों ने उनकी कार के शीशे पर काला तेल डाल दिया। ड्राइवर को सामने दिखना बंद हो गया तो उसने कार रोक दी। जैसे ही वह लोग कार से नीचे उतरे वैसे ही बाइक सवार दो युवक आए और उनकी डिग्गी में रखे बैग को लेकर भागने लगे।
बदमाशों को बैग लेकर भागता देख हिमांशु ने शोर मचा दिया। इस पर उनके ड्राइवर ने दौड़कर बाइक पर पीछे बैठे 14 वर्षीय किशोर को दबोच लिया। हालांकि दूसरा आरोपी बैग लेकर निकल भागा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सिहानी गेट एसएचओ डालचंद का कहना है कि पकड़े गए आरोपी की उम्र करीब 14 साल है, जबकि फरार आरोपी बालिग है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।