साहिबाबाद में बाइक सवार बदमाशों का आतंक जारी है। शनिवार रात बदमाशों ने दो महिलाओं से पर्स और चेन लूट ली। बदमाशों ने करन गेट चौकी से चंद कदम की दूरी पर सिर्फ आधे घंटे के अंदर वारदात की। पुलिस ने शिकायत लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
राजेंद्र नगर सेक्टर-3 निवासी सुषमा शर्मा शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर से पसौंडा दूध लेने गई थीं। लौटते समय वह राजेंद्र नगर गोल चक्कर के पास पहुंची थीं कि पीछे से काली बाइक पर आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स लूट लिया।
उन्होंने चीख पुकार मचाई, लेकिन बदमाश बाइक लहराते हुए भाग गए। उधर, चंद मिनटों बाद करीब आठ बजे सेक्टर-3 के ही ब्लॉक-7 निवासी निजी कंपनी में कार्यरत महिला रितु खरीदारी करने सिद्धार्थ इंटरनेशनल स्कूल के पास गई थीं।
लौटते समय उनके मोबाइल पर सहेली का कॉल आ गया। वह फोन पर बात करते हुए घर की ओर बढ़ रही थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन झपट ली। जब तक वह कुछ समझती बदमाश दिल्ली की ओर फरार हो गए।
महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। दोनों घटनाएं करन गेट चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुईं। एसओ साहिबाबाद हरिदयाल यादव ने बताया कि चेन लूट के मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है।