बिहार के शहरी विकास मंत्री महेश्वर हजारी की बेटी जूही से आईफोन लूटने वाले पांच छात्रों को विजयनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे चोरी की 11 बाइक, एक स्कूटी, तीन मोबाइल मिले हैं। गैंग के सरगना समेत तीन बदमाश भागे हुए हैं। ये ऑन डिमांड महंगे मोबाइल लूटते थे।
एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि पकडे़ गए लुटेरे सचिन, दीपक, दीपांशु, अमन और चिंटू हैं। पांचों विजयनगर की भीमनगर और सिद्धार्थ विहार कालोनी में रहते हैं। 10वीं और 11वीं में पढ़ते हैं। दीपक और दीपांशु ने जूही का आईफोन लूटा था। जूही का आईफोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली गई है।
दीपक ने बताया कि तीन मार्च को दोपहर के वक्त जूही व्हाट्स-एप पर मैसेज करते जा रही थी। लूटे गए आईफोन का लॉक न खुलने की वजह से उसे बेच नहीं पाए थे। इन्होंनेे दो अन्य महंगे मोबाइल भी लूटे थे, जो बरामद किए हैं ।
एसओ विजयनगर ने बताया कि गैंग के सरगना समेत भागे तीन बदमाश लूटा गया मोबाइल और चोरी की बाइक खुद बेचते थे। एक बदमाश हाल ही में जेल चला गया था, जिस वजह से चोरी की 11 बाइक भी गिरोह बेच नहीं पाया था।
चोरी की बाइकों को कांशीराम आवासीय योजना के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था। कालोनी में खडे़ वाहनों को गैंग के बदमाश चोरी करते थे।
मौज मस्ती के लिए करते थे वारदात
पकडे़ गए छात्र मौज-मस्ती के लिए वारदात करते थे, उनका शौक मॉल में शॉपिंग करना और महंगे रेस्टोरेंट में खाना खाना है। एसपी सिटी ने बताया कि यह गैंग नया है, जिस वजह से ट्रेस करने में दिक्कत हुई।