लोनी पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश किया है। छह वाहन चोरों को गिरफ्तार कर इनकेपास से 5 लग्जरी कारों समेत 21 वाहन बरामद किए हैं। हालांकि वाहनों के खरीदार समेत कई आरोपी फरार हैं।
पकड़े गए वाहन चोरों में यूसुफ उर्फ बब्बू निवासी नूरपो सराय संभल, दिलशाद बिनौली बागपत, हैदर अली अशोक विहार लोनी, हाकिम अली पुराना मुस्तफाबाद, नौशाद उर्फ रिंकू भगोल विहार और आस मोहम्मद उर्फ बाबू चंद्र विहार दिल्ली के हैं।
लोनी पुलिस ने बुधवार रात इन्हें एक सूचना पर चेकिंग के दौरान खजूरी पुस्ता के नीचे सीमेंट रोड से दबोचा। मौके पर इनसे चोरी की ईको कार बरामद की गई, बाद में इनकी निशानदेही पर दिल्ली-एनसीआर से चोरी की गई 4 लग्जरी कार, बुलेट समेत 14 मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की गईं। इनके पास से एक कटी हुई बुलेट भी मिली है। यह गैंग दिल्ली-यूपी से पहले भी जेल जा चुका है।
एसएसपी दीपक कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि वाहन चोरों के काम बंटे हुए थे। दिलशाद गैंग लीडर है, हैदर वाहन बिकवाता है, यूसुफ और नौशाद कपड़ों की फेरी लगाते हुए रेकी करते थे।
आस मोहम्मद वाहन मैकेनिक है, वह मास्टर चाभी से वाहन चोरी करता था। खासतौर पर बैंक और मॉल मल्टीप्लेक्स के बाहर खड़े वाहन इनके निशाने पर होते थे। कटवाने के लिए यह गैंग संभल के कबाड़ी इकबाल को वाहन बेचते थे, जो फरार है।
इनसे बरामद वाहनों में एक कार समेत नौ वाहन कनेक्ट हो गए हैं, जो इन्होंने गुड़गांव हरियाणा, दिल्ली और लोनी से चुराए थे। करीब 15 दिन पहले इन्होंने लोनी में नोट बंदी के कारण बैंक की लाइन में लगे हैदर की बाइक चुराई थी, इसी के बाद लोनी पुलिस इस गैंग की तलाश में जुटी थी। एसएसपी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
औने-पौने दामों में बेचते थे वाहन
एसएसपी ने बताया कि यह गैंग चोरी किए गए वाहनों को औने-पौने दामों में बेचता था। कार 40-50 हजार रुपये में और बाइक 15-20 हजार रुपये में। स्पलेंडर और बुलेट इनकी खास पसंद थी। बुलेट मोटरसाइकिल को कटवाने में इन्हें 20 हजार रुपये मिल जाते थे। स्पलेंडर की डिमांड ज्यादा होने से उसे बेच देते थे।
10 साल में पकड़े गए वाहन चोर रडार पर
एसएसपी ने बताया कि उन्होंने सभी थानेदारों को निर्देशित किया है कि उनके क्षेत्र में पिछले करीब 10 साल में पकड़े गए वाहन चोरों का ब्योरा तैयार करें। वह इस समय क्या कर रहे हैं। बीट कांस्टेबल को उनकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपे।
बरामद वाहन
8 फरवरी 13 को गुड़गांव हरियाणा से चोरी ईको मारूति सुजूकी (डीएल-2सी एटी-3625)
26 अप्रैल 16 को सरिता विहार दिल्ली से चोरी यामाहा फैजर (डीएल-3एस डीएस-3764)
22 अगस्त 16 को खजूरी खास दिल्ली से चोरी हीरो होंडा स्पेलेंडर (डीएल-1एसटी-2658)
19 अक्तूबर 16 को तिमारपुर दिल्ली से चोरी बजाज पल्सर (डीएल-6एसएआर-5310)
24 सितंबर 16 को जीटीबी नगर दिल्ली से चोरी बुलट रॉयल इंफील्ड (डीएल13 एसएन-6551)
20 अप्रैल 16 को तिलक नगर दिल्ली से चोरी सीवीजेड बाइक (डीएल-4एसबीएम-9922)
24 अक्तूबर 16 को जाफराबाद दिल्ली से चोरी बजाज डिस्कवर (डीएल-6एस जेड-0426)
24 अक्तूबर 16 को दिल्ली से चोरी होरी होंडा पैशन प्रो (डीएल-8एसबीयू-4174)
15 दिन पहले लोनी से चोरी अपाची बाइक (नंबर प्लेट हटा दी थी)
नोट- यह वाहन फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाए जा रहे थे। इंजन और चेसिस नंबर से इनकी पहचान हुई।