फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छेड़छाड़ से आहत किशोरी ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग

Sun, 19 Feb 2017 12:44 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला /गाजियाबाद
विज्ञापन
डेमो पिक
विज्ञापन
प्रताप विहार में छेड़छाड़ से आहत एक किशोरी (16) ने चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की है। उसे पुराना बस अड्डा स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। इस मामले में विजयनगर थाने में तहरीर दी गई है, जिसमें बिल्डर पर धमकाने और उसके मुंशी पर छेड़छाड़ करने का आरोप है। पुलिस ने बिल्डर को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन


किशोरी घरों में सफाई का काम करती है। उसका आरोप है कि एक बिल्डर के मुंशी ने काम दिलाने के बहाने उसे ऑफिस में बुलाया और उससे छेड़छाड़ की। इस दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए और मोबाइल तोड़ दिया। वह वहां से भाग कर घर पहुंची और इस बारे में बताया।

शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे मां उसे लेकर बिल्डर के ऑफिस गई और मुंशी की शिकायत की। आरोप है कि बिल्डर ने मुंशी को डांटने के बजाय उन्हें ही धमकी दी। किशोरी पर गंभीर आरोप लगाए।
विज्ञापन


इससे आहत किशोरी बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर चढ़ गई और छलांग लगा दी। इससे हड़कंप मच गया। आसपास के लोग जमा हो गए। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस संबंध में एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ऑटो सवार छात्रा से छेड़छाड़, मनचले की धुनाई
 चिरंजीव विहार में ऑटो में जा रही नौवीं क्लास की छात्रा से छेड़छाड़ कर रहे मनचले की लोगों ने जमकर धुनाई की। बाद में उसे कविनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़ा गया आरोपी भोपुरा निवासी दीपक है।

वह कैंटीन चलाता है। आरोप है कि वह पहले दादा के पास रह रही नौवीं क्लास की छात्रा को भोपुरा में परेशान करता था। जब परिजन उसे वहां से चिरंजीव विहार ले आए तो आरोपी यहां भी उसे परेशान करने लगा।

शनिवार को छात्रा घर के पास ही कहीं जाने के लिए ऑटो में बैठी थी तभी आरोपी ने उससे छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर परिजन पहुंच गए और दीपक को दबोचकर जमकर पीटा और उसे कविनगर थाने ले गए। उसके खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। 

बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने नाबालिग से रेप
वसुंधरा में लिफ्ट देने के बहाने एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली किशोरी के साथ रेप किया। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस की तलाश में जुटी है। वसुंधरा निवासी पीड़िता यहां परिवार के साथ किराए पर रहती है।

उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं और वह घरों में झाड़ू पोंछा आदि करती है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे पीड़िता सेक्टर-12 स्थित एक सोसायटी में काम कर घर लौट रही थी। इस दौरान घर के पास रहने वाले अरुण बाइक से घर छोड़ने का झांसा देकर उसे सेक्टर-17 साईं मंदिर के पास एक खाली प्लॉट में ले गया।

आरोप है कि वहां उसने उसके साथ रेप किया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। पीड़िता रोती-बिलखती घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।

सीओ इंदिरापुरम अनिल यादव ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी अरुण के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें