इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की कार्रवाई से नाराज सराफा कारोबारियों ने सोमवार से अनिश्चित काल के लिए सराफा बाजार बंद करने और धरना देने का एलान किया है। उन्होंने आयकर विभाग के अधिकारियों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
सराफा एसोसिएशन का आरोप है कि आयकर विभाग के अफसरों ने सराफा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर सर्वे व छापे के नाम पर व्यापारियों का शोषण किया। शनिवार दोपहर आयकर विभाग की टीम ने आरडीसी में राधेलाल एंड संस और अंबेडकर रोड पर स्वर्ण महल ज्वैलरी शोरूम में रेड की।
पुलिस बल के दम पर स्टाफ को बंधक बना लिया और मोबाइल जब्त कर लिए। प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद करा दिए। जूते पहनकर गद्दी काउंटर के अंदर फर्म स्वामी की कुर्सी पर बैठकर व्यापारी को धमकाया और उनके खिलाफ झूठी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी।
सराफा एसोसिएशन के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने बताया कि इसके विरोध में सराफा व्यापारी सोमवार से अनिश्चित काल के लिए बाजार बंद रखेंगे और सुबह 10 बजे से नवयुग मार्केट में अनिश्चित कालीन धरना देंगे।
‘मोदी जी को जिताया...अब भुगतो’
राज किशोर गुप्ता ने बताया कि रेड के दौरान आयकर विभाग के अफसर कह रहे थे कि तुमने ही मोदी जी को जिताया है, अब भुगतना भी तुम्हें पड़ेगा।