भोजपुर थाना पुलिस ने सोमवार सुबह चेकिंग के दौरान अमराला गांव तिराहे के पास से दो चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की दो सेंट्रो कार बरामद की हैं। एक कार नोएडा जबकि दूसरी साहिबाबाद से चोरी की गई थी।
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि गर्लफ्रेंड को कार में घुमाने और अय्याशी के लिए वाहन चोरी करते थे। पकड़ा गया एक चोर पूर्व में गोकशी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और गुंडा एक्ट में निरुद्घ है।
भोजपुर एसओ शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस अमराला तिराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने कलछीना की ओर से आ रही एक सेंट्रो कार को रुकने का इशारा किया।
इस पर चालक ने कार की स्पीड बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया। कार सवार दो युवकों से पूछताछ में पता चला कि कार साहिबाबाद से 25 दिसंबर की रात को चोरी की गई थी। इसके अलावा दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने एक और सेंट्रो कार कलछीना गांव से बरामद की, जिसे दोनों आरोपियों ने नोएडा फेज तीन से मई-2016 में चुराया था।
पकड़े गए आरोपी नाजिम और सद्दाम कलछीना गांव थाना भोजपुर के रहने वाले हैं। पूछताछ में चोरों ने बताया कि वह पिछले पांच साल में 50 से अधिक वाहन चोरी कर बेच चुके हैं।
दोनों आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड को कार में घुमाने और बाद में उसे बेचकर अय्याशी करने के लिए वाहन चुराते थे। नाजिम के विरुद्घ भोजपुर थाने में गोकशी और गुंडा अधिनियम एक्ट के तहत भी पहले से रिपोर्ट दर्ज है।