शालीमार गार्डन चौकी से महज 50 मीटर दूरी शुक्रवार रात कार सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्जुन सैन पर फायरिंग कर दी। हालांकि गनीमत रही कि फायरिंग में वह बाल-बाल बच गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एएसपी का कहना है कि मामला रंजिशन हमले का लग रहा है। एफआईआर दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
अर्जुन सैन बसपा सरकार में हथकरघा बोर्ड के चेयरमैन रहे दयाराम सैन का छोटा भाई है। पीड़ित शालीमार गार्डन के एस-38 और एक्सटेंशन-1 पतंजलि स्टोर चलाते हैं। शुक्रवार रात करीब 10:40 बजे अर्जुन ने बेटे सुमित और विक्की के साथ स्टोर बंद कर दोनों बेटों को घर भेज दिया।
जबकि स्वयं पड़ोसी की दुकान पर बैठकर बातचीत करने लगे। ऐसे में रात करीब 11 बजे आई-10 कार में सवार अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनकी दुकान पर ताबड़-तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर बाहर आए तो बदमाशों ने उन पर भी फायर किया।
हालांकि गनीमत रही कि गोली से बाल-बाल बच गए। उधर, घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर सुमित और विक्की समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। सुमित शालीमार गार्डन चौकी पर पहुंचा तो वहां सिर्फ एक पुलिसकर्मी मौजूद था।
चौकी इंचार्ज राजकुमार व अन्य पुलिसकर्मी गश्त पर थे। ऐसे में चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी ने एसआई राजकुमार को घटना की जानकारी दी। अर्जुन सैन ने बताया कि उन्होंने रात 11:05 बजे के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम पर तीन बार कॉल किया लेकिन फोन नहीं उठा। फिर से फोन किया तो बात हुई।
जहां से गाजियाबाद पुलिस कंट्रोल रूम को उनकी कॉल कनेक्ट की गई। इसके बाद एएसपी अनूप कुमार भी मौके पर पहुंचें। पुलिस अब तक की जांच में मामले को रंजिश से जोड़कर देख रही है। एएसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वहीं पुलिस का कहना है कि जिस कार से हमलावर आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी।