शहीद नगर की जवाहर पार्क कालोनी के अपार्टमेंट की पार्किंग में लगे बिजलीमीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग पूरी पार्किंग और फर्स्ट फ्लोर के एक फ्लैट तक फैल गई। जान बचाने के लिए 15 फ्लैटों के रेजिडेंट्स चीखते चिल्लाते हुए बाहर भागे। कुछ 10 फीट ऊंचे अपर ग्राउंड से नीचे कूद गए, जिनमें छह मामूली चोटिल हो गए।
दमकल की एक गाड़ी ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई।शहीद नगर गली नंबर-6 जवाहर पार्क में बने एक अपार्टमेंट से सुबह करीब छह बजे बिजली के मीटर से धुआं उठता देख लोगाें ने शोर मचाया। जब तक सभी फ्लैट के लोग बाहर निकलते आग ने पार्किंग में पड़े कूड़े और छह बाइकों को चपेट में ले लिया।
आग फर्स्ट फ्लोर के एक फ्लैट तक जा पहुंची। इस दौरान फ्लैट में रहने वाले लोग बाहर की ओर भागे। भगदड़ मचने के दौरान दो महिलाओं समेत छह लोग गिरने से मामूली चोटिल हो गए। करीब 15 मिनट बाद पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग बुझानी शुरू की और तीसरी मंजिल पर मौजूद कुछ लोगों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग बुझाई। सीएफओ अक्षय रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में आग का कारण मीटर में शॉर्ट सर्किट लग रहा है। आग में छह बाइकें और एक फ्लैट का सामान जला है। लाखों का नुकसान हुआ है।
आग लगते ही पूरे अपार्टमेंट में चीख पुकार मच गई। इस दौरान आसपास रहने वाले लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही कुछ पड़ोसी युवकों ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ महिलाएं आग से घबराकर नीचे ही नहीं आ रही थीं, उन्हें दमकल कर्मियों ने बाहर निकाला।
गनीमत रही कि अपर ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर रहने वाले लोगाें को आग लगते ही बाहर निकाल लिया गया। वरना हादसे में किसी की जान जा सकती थी।
लोगों ने अपार्टमेंट की पार्किंग का चैनल गेट तोड़ दिया और पास ही खड़ी करीब आधा दर्जन बाइक को बाहर निकाला और आग से बचाया।