रामप्रस्थ कालोनी में एक युवक ने ई-रिक्शा चालक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। चालक गंभीर रूप से झुलस गया, उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वह करीब 60 फीसदी झुलसा है। घटना से गुस्साए ई-रिक्शा चालकों ने सूर्यनगर चौकी का घेराव कर कर हंगामा किया। पुलिस के जल्द खुलासे के आश्वासन पर वह शांत हुए।
बृज विहार बी-ब्लाक निवासी उमेश (18) डेल्टा कालोनी में ई-रिक्शा चलाता है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह कड़कड़ मॉडल गांव से सवारी लेकर रामप्रस्थ गया था। बॉर्डर पर सवारी उतारने के बाद वह खड़ा था, तभी एक युवक बोतल में पेट्रोल लेकर आया और उमेश पर पलट दिया।
पेट्रोल डालते ही युवक ने माचिस से आग लगादी और दिल्ली की ओर फरार हो गया। उमेश के चिल्लाने पर कुछ दूर पर मौजूद एक रिक्शा चालक पिंटू भाग कर उसे बचाने के लिए आया। आग बुझाने के दौरान पिंटू भी झुलस गया। आसपास की दुकानों से पानी लेकर आग बुझाई गई। उमेश और पिंटू को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने की वजह से उमेश को दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ई-रिक्शा चालकों ने चौकी पर हंगामा कर पुलिस से आरोपी को तुरंत पकड़ने की मांग की। एसओ राजकुमार यादव ने बताया कि उमेश के बयान के बाद ही आरोपी की जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
उमेश के भाई रामलखन ने बताया कि करीब 10 दिन पहले रामप्रस्थ बॉर्डर के पास ही उमेश का एक युवक के साथ ई-रिक्शा की पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ था। युवक ने झगड़े के दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने उसी युवक पर शक जताया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपी युवक को पकड़ा जा सके।