सिहानी गेट पुलिस ने अंबेडकर रोड से एक डीयू स्टूडेंट समेत सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, किराना व्यापारी निशांत रहेजा से लूटी गई स्कूटी, डेढ़ लाख रुपये, पेन कार्ड, एटीएम और चोरी के जेवर बरामद हुए हैं।
पकडे़ गए आरोपी भारत उर्फ प्रेम निवासी कुइयां, फर्रुखाबाद, देव तिवारी निवासी भोजपुर, फर्रुखाबाद, मोहित निवासी स्याना, बुलंदशहर, नंदकिशोर उर्फ नंदू निवासी भाग्य विहार, दिल्ली, शिवा निवासी राधा कुंज कालोनी कविनगर, सिकंदर निवासी सिद्धार्थ विहार और ऋषभ निवासी सिरसागंज फिरोजाबाद हैं।
इनमें नंद किशोर दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। शिवा 12वीं और देव, मोहित दसवीं पास हैं। यह गैंग विजयनगर में शनि बाजार के पास किराए पर रहता था।
एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम ने बताया कि इन लुटेरों ने 13 जून को किराना व्यापारी निशांत रहेजा से गांधी नगर में स्कूटी और डेढ़ लाख रुपये लूटे थे।
वारदात की प्लानिंग निशांत के पूर्व क र्मचारी सिकंदर ने गैंग लीडर भारत के साथ की थी। सिकंदर चार साल पहले निशांत के पास नौकरी करता था, बाद में वह भारत के संपर्क में आकर चोरी और लूट करने लगा।
सिकंदर ने ही साथियों के साथ वारदात से पहले निशांत की रेकी की थी। वारदात को भारत, मोहित और डीयू छात्र नंदकिशोर के साथ अंजाम दिया था। आरोपियों ने विजयनगर में भी एक चोरी की वारदात की थी, जिसमें चोरी किए गए साढे़ चार हजार रुपये बरामद हुए हैं। यह गैंग मौज मस्ती करने और हिल स्टेशन घूमने के लिए वारदात करता था।
ऑटो से भी वारदात की आशंका
नंदकिशोर 12वीं में 73 प्रतिशत अंक से पास होने का दावा करता है। पुलिस का कहना है कि वह ऑटो भी चलाता है। अंदेशा है कि वह साथियों संग ऑटो में भी सवारियों से लूटपाट की घटनाएं करता था।