मेरठ रोड पर बस की टक्कर से साइकिल सवार 10वीं के छात्र गौरव (15) की मौत हो गई। आरोपी चालक बस छोड़कर भाग गया। गौरव पुरानी पंचवटी में परिवार के साथ रहता था। वह कविनगर स्थित विवेकानंद स्कूल में पढ़ता था।
उसके पिता कमल किशोर मोदीनगर के एक स्कूल में सरकारी टीचर हैं। गौरव शनिवार सुबह रोजाना की तरह साइकिल पर स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह स्कूल जाने के बजाय दोस्तों के साथ घूमने चला गया।
गौरव अपनी साइकिल पर अकेला था जबकि उसके चार दोस्त दो साइकिलों पर थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे मेरठ रोड स्थित मूवी वर्ल्ड के पास पीछे से आई तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने गौरव को टक्कर मार दी।
वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। इस दौरान भीड़ लग गई और उसके दोनों दोस्त उसे छोड़कर भाग गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस गौरव को गंभीर हालत में जिला एमएमजी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर खड़ी बस को कब्जे में ले लिया है। सिहानी गेट एसएचओ ने बताया कि फरार ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
सुल्तान मूवी दिखने का था प्लान
मूवी वर्ल्ड में सुबह के पहले शो की टिकटों पर करीब 50 प्रतिशत तक की छूट होती है। अक्सर इस शो को देखने वालों में छात्रों की संख्या सबसे अधिक होती है। गौरव और उसके दो दोस्त भी शनिवार सुबह स्कूल बंक कर सलमान खान की फिल्म सुल्तान देखने का ही प्लान बनाकर गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद कुछ देर मृतक के दोस्त वहां रुके थे, इस दौरान लोगों के पूछने पर उन्होंने बताया था कि वह मूवी देखने यहां आ रहे थे। हालांकि इसके बाद दोनों वहां से चले गए।
वहीं, गौरव के पिता का कहना है कि बारिश होने के कारण गौरव स्कूल पहुंचने में लेट हो गया था, जिस कारण टीचर्स ने उसे और उसके दोस्तों को घर भेज दिया था। गौरव और उसके साथी घर न आक र मूवी देखने और स्वीमिंग करनने जा रहे थे।
सड़क दुर्घटना में अध्यापिका की मौत
मसूरी। मिसलगढ़ी में शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार अध्यापिका की मौत हो गई जबकि उनके पति घायल हो गए। गोविंदपुरम निवासी उर्मिला देवी (56) काजीपुरा के जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापिका थीं।
सुबह करीब 8 बजे वह गोविंदपुरम से स्कूटी पर स्कूल जा रही थीं। स्कूटी उनके पति कृष्ण चंद चला रहे थे। मिसलगढ़ी में कुमकुम फार्म हाउस के नजदीक पीछे से आए तेज रफ्तार भारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
स्कूटी से गिरकर दंपति जख्मी हो गए। आरोपी वाहन चालक भाग गया। लोगों ने घायलों को कविनगर के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सुबह करीब 11 बजे उर्मिला देवी की मौत हो गई जबकि कृष्ण चंद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। एसओ ने बताया कि आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।