मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक ब्रांडेड कॉस्मेटिक कंपनी के वेयरहाउस में आग से लाखों का माल जलकर राख हो गया। वेयरहाउस में शैंपू, परफ्यूम और डियो का स्टॉक भरा था। आग इतनी भीषण थी कि दमकल की करीब 15 गाड़ियों पर तैनात कर्मचारियों को बुझाने में पांच से भी ज्यादा घंटे लगे।
सिहानी गेट थाना क्षेत्र स्थित मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र के प्लाट संख्या-डी-20 में केविन केयर कॉस्मैटिक कंपनी का वेयरहाउस है। सोमवार सुबह वेयरहाउस से धुआं निकलते देख स्थानीय लोगों ने डिस्ट्रीब्यूटर विक्की को फोन पर सूचना दी। वक्की ने अग्निशमन विभाग को करीब साढ़े नौ बजे फोन कर आग लगने की जानकारी दी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अक्षय रंजन शर्मा ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि डिपो की छत भी नीचे गिर गई। नोएडा, साहिबाबाद और मोदीनगर से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग का एक कर्मचारी भी मामूली रूप से झुलस गया।
गोदाम मालिकों की मानें तो वेयरहाउस में करीब 50 लाख से ज्यादा कीमत का माल था, जो जलकर राख हो गया। वहीं, अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक करीब 15 से 20 लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
धमाके के साथ फटे डियो स्प्रे, मची अफरा-तफरी
आग लगने पर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। इसी दौरान अंदर रखे डियो के डब्बे जोरदार आवाज के साथ एक के बाद एक फटने लगे। इससे आग और भड़क उठी। वहीं, बाहर खड़ी पब्लिक में भी अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और अग्निमशन अधिकारियों ने लोगों की भीड़ को घटना स्थल से दूर कर दिया। साथ ही पड़ोस में स्थित मूवर्स एंड पैकर्स के गोदाम को भी खाली करा लिया। अग्निशमन अधिकारी का कहना है कि जिस गोदाम में यह हादसा हुआ, वहां अग्निशमन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। यही नहीं गोदाम के लिए एनओसी भी नहीं ली गई थी।