विजयनगर से वार्ड-18 के पार्षद की लाठी-डंडों और रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पार्षद की हत्या से परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने थाने और आरोपियों के घर पर हंगामा कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
पार्षद के भाई ने पड़ोस की दो महिलाओं समेत चार लोगों को नामजद कराया है। परिजनों का आरोप है कि कालोनी में गलत धंधे और शराब के अवैध कारोबार का विरोध करने पर पार्षद की हत्या की गई है। आरोपी फरार हैं।
वार्ड-18 के पार्षद छोटे लाल (52) विजयनगर सेक्टर-9 के एल ब्लाक में रहते थे। मूलरूप से बलिया के कुर्रेन गांव निवासी छोटे लाल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर लगातार तीसरी बार पार्षद चुने गए थे।
परिजनों के मुताबिक बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे लाइट चले जाने पर छोटे लाल घर के बाहर बेंच पर जाकर सो गए। थोड़ी देर बाद ही 4-5 लोगों ने उन पर लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर परिजन दौड़े लेकिन हमलावर भाग निकले।
गंभीर रूप से घायल पार्षद को लेकर परिजन जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचे, यहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उनके सिर की हड्डी टूट गई थी और खून ज्यादा बह गया था।
जीटीबी में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की सूचना पर परिजनों और आसपास के लोगों का गुस्सा भड़क गया। गुस्साए लोगों ने थाने पर पहुंच आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा किया।
देर रात 12.30 बजे तक पार्षद का शव घर नहीं पहुंचा था। पार्षद के भाई सतेंद्र ने पड़ोसी युवक राजू शर्मा, राहुल उर्फ छोटू उर्फ भूरा उसकी पत्नी शबाना और शबाना की बहन अंधी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सतेंद्र ने बताया कि छोटे लाल आरोपियों के गलत कामों का विरोध करते थे। उनकी शिकायत भी कर दी थी। इस बात से आरोपी छोटे लाल से दुश्मनी मानते थे और बुधवार रात मौका पाकर उन्होंने पार्षद की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
एसएचओ विजयनगर का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, पार्षद की निर्मम हत्या के बाद शुक्रवार को नगर निगम में शोक रहेगा। पार्षद छोटे लाल के करीबी और कांग्रेस पार्षद सुल्तान सिंह खारी ने बताया कि दिवंगत पार्षद का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा।
शहर में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। पार्टी के पार्षद की हत्या करने वालों की शीघ्र गिरफ्तारी न की गई तो पार्टी कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय का घेराव करेंगे। - राजीव भाटी, पार्षद दल नेता, कांग्रेस