बंद फ्लैट से झारखंड की तीन युवतियां बरामद
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र की एक कालोनी स्थित एक बंद फ्लैट से पुलिस ने हजारीबाग, झारखंड की तीन युवतियों को बरामद किया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की छानबीन जारी है।
जानकारी के अनुसार हजारीबाग का रहने वाला एक युवक सोमवार शाम को तीनों युवतियों को ट्रेन से हजारीबाग से लेकर गाजियाबाद आया था। वह तीनों युवतियों को कांशीराम योजना वृंदावन एंक्लेव स्थित दोस्त के फ्लैट में छोड़कर दिल्ली चला गया।
फ्लैट को बाहर से बंद कर दिया। दो दिनों तक जब युवक फ्लैट पर नहीं लौटा तो तीनों युवतियों ने बुधवार शाम को फ्लैट का गेट बजाते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस फ्लैट का ताला तोड़कर तीनों युवतियों को विजयनगर थाने ले आई। इस संबंध में विजयनगर एसएचओ ने बस इतना ही बताया कि तीनों युवतियां अपने भाई के साथ यहां आई थीं। पुलिस तीनों युवतियों को उसके भाई को ही सुपुर्द करेगी।
मानव तस्करी और देह व्यापार हो सकता है मामला
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फ्लैट में रहने वाले व्यक्ति के घर अक्सर युवतियाें और युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों का कहना है कि यह मामला मानव तस्करी या देह व्यापार से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस इस बात से इंकार कर रही है।
पुलिस की समझ में नहीं आ रही युवतियों की भाषा
विजयनगर थाने के पुलिसकर्मियों का कहना है कि उन्हें तीनों युवतियों की भाषा समझ में नहीं आ रही है। उनसे पूछताछ करने में परेशानी हो रही है। युवतियाें की भाषा समझने के लिए विशेष पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है।