फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमकल के पानी से कप्तान साहब ने मनाई होली

Tue, 14 Mar 2017 11:43 PM IST
ब्यूरो , अमर उजाला गाजियाबाद
विज्ञापन
हाेली - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
होली पर पानी बचाने की अपील भले ही प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर विभिन्न एनजीओ तक करती नजर आती हों, मगर गाजियाबाद के पुलिस कप्तान को शायद इससे कोई सरोकार नहीं। पानी की किल्लत झेल रहे गाजियाबाद में कप्तान साहब ने अपनी होली मनाने में ही करीब 13500 लीटर पानी बर्बाद कर दिया।
विज्ञापन


रंग-बिरंगे पानी की बौछार जरा ठीक से पडे़ इसके लिए साहिबाबाद, वैशाली और गाजियाबाद कोतवाली से दमकल के तीन वाटर टेंडर मंगवाए गए। दमकल के इन तीनों ही वाटर टेंडर में अलग-अलग रंग का पानी भरा गया था। एसएसपी बंगले पर ढोल की थाप और तेज आवाज डीजे के म्यूजिक पर कप्तान साहब और उनके अधीनस्थ पुलिस अधिकारी जमकर झूमे।

मंगलवार को पुलिस कप्तान के बंगले पर कई साल बाद होली का त्योहार मनाया गया। दरअसल इससे पूर्व यहां तैनात एसएसपी धर्मेंद्र सिंह होली खेलने से परहेज करते थे। ऐसे में विगत कई वर्षों से कप्तान के सरकारी बंगले पर होली का त्योहार नहीं मनाया जा सका।
विज्ञापन


इस बार होली के लिए बंगले के मेन गेट में घुसते ही सीधे हाथ पर पड़ी खेती की जमीन को कुछ दिन पूर्व ही जुतवाया गया था। मंगलवार सुबह ही इसमें पानी छोड़ दिया गया। फिर इस कीचड़ में कप्तान और उनके पुलिसकर्मियों ने जमकर होली का मजा लिया।

यहां तक तो सब ठीक था, मगर हैरानी उस समय हुई जब गाजियाबाद, साहिबाबाद और वैशाली फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां कप्तान के बंगले के बाहर आकर खड़ी हो गईं। पहले तो लोगों ने समझा कि शायद कहीं आग लगी है, मगर जब दमकल की इन गाड़ियों से तीन अलग-अलग रंगों के पानी की बौछारें शुरू हुईं तो बात साफ हो गई।

इन दमकल को होली खेलने के लिए बुलाया गया था। प्रत्येक दमकल में करीब एक हजार गैलन पानी आता है। एक गैलन में साढे़ चार लीटर पानी होता है। ऐसे में स्थिति साफ है कि तीन दमकलों में कुल तीन हजार गैलन यानी करीब साढे़ तेरह हजार लीटर पानी बर्बाद किया गया।

भोजपुरी गीतों पर जमकर झूमे पुलिसकर्मी
एसएसपी आवास पर मंगलवार शाम को आयोजित हुए होली मिलन समारोह के कार्यक्रम में पुलिसकर्मी और शहर के नेता भोजपुरी गीतों पर जमकर झूमते दिखाई दिए। इस दौरान एसएसपी दीपक कुमार ने अपने आवास पर आने वाले प्रत्येक नेता का स्वागत गुलाब के फूल से किया।

उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भी पुलिसकर्मियों के लिए जरूरी हैं। अधिकतर पुलिसकर्मी अपने घरों से दूर रहते हैं। उन्हें इस तरह के कार्यक्रमों से खुशी मिली हैं।

लेडीज ड्रेस में आया पुरुष, पुलिसकर्मियों ने लगाए ठुमके
विजयनगर बाईपास चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आयोजित हुए कार्यक्रम में एक महिला के कपडे़ पहने युवक के साथ जमकर ठुमके लगाए। कुछ पुलिसकर्मी तो उसे गोद में उठाकर भी थिरके।
विज्ञापन


इस दौरान चौकी के सामने से निकलने वाले लोगों का कहना था कि पुलिसकर्मी ही जब इस तरह करेंगे तो जनता में क्या मैसेज जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें