हापुड़ चुंगी के पास रविवार सुबह करीब छह बजे बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों वाहन घिसटते हुए ट्रैफिक सिग्नल लाइट से टकराए, जिससे ट्रैफिक लाइट भी टूट गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। काफी देर जाम लगा रहा। यातायात संचालन में दिक्कत हुई। कविनगर पुलिस छानबीन कर रही है।
एसएचओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि प्राइवेट बस कविनगर की ओर से हापुड़ चुंगी की तरफ जा रही थी, जबकि ट्रक पुलिस लाइंस की तरफ से हापुड़ चुंगी की तरफ जा रहा था। हापुड़ चुंगी पर उनकी भिड़ंत हो गई। ट्रक चालक राम कुमार, बस सवार रिंकू और रूबी निवासी बिहार घायल हो गए। सूचना पर कविनगर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल ले गई। इस दौरान आते-जाते वाहन रुक गए, जिससे करीब आधा घंटा तक जाम लग गया। ट्रैफिक सिग्नल लाइट टूटने से ट्रैफिक को मैनुअली संचालित करना पड़ा।