सेक्टर-9 स्थित जज कालोनी निवासी प्रसिद्ध लेखक एवं कवि उदय प्रकाश के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का माल उड़ा लिया। बीते शनिवार को माली ने ताला टूटा देखकर पुलिस और वसुंधरा निवासी उनके बेटे को चोरी की सूचना दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से अनूप नगर मध्यप्रदेश के रहने वाले उदय प्रकाश अबूतर-कबूतर, मोहन दास और तेज जैसी कई प्रसिद्ध रचनाओं के लिए साहित्य अकादमी समेत कई अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त लेखक हैं। वह जज कालोनी के फ्लैट संख्या 9/2 में रहते हैं। करीब पांच माह से वह अपने पैतृक गांव रह रहे हैं।
शनिवार सुबह माली उनके फ्लैट के सामने से गुजरा तो ताला टूटा था। अंदर सारा सामान बिखरा था। माली ने तुरंत पुलिस और उनके वसुंधरा सेक्टर-13 निवासी बेटे को चोरी की सूचना दी। पुलिस ने बेटे शांतनु से शिकायत लेकर चोरों की तलाश शुरू की।
शांतनु ने बताया कि चोर घर से दो एलईडी टीवी, प्रोजेक्टर, सम्मान प्रतीक समेत लाखों रुपये का सामान ले गए हैं। एसएचओ ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की तलाश की जा रही है। घटना में किसी जानकार का हाथ लगता है।