युवती के अदम्य साहस के आगे लुटेरे जान बचाकर भाग निकले। रविवार दोपहर शहर के मोहल्ला खुजरिहा बाग नई बस्ती में कुछ ऐसा ही वाकया हुआ। लुटेरों ने दिनदहाड़े एक घर पर धावा बोल दिया। बदमाश बक्से का ताला तोड़ रहे थे, तभी घर में अकेली सो रही युवती की नींद खुल गई और वह लुटेरों से भिड़ गई। बदमाशों ने युवती को पीटा और गला दबा दिया। इसी बीच युवती ने कमरे में पड़े साबड़ से एक लुटेरे पर हमला कर दिया और शोर मचाते हुए दरवाजे पर पहुंच कर बेहोश हो गिर पड़ी। जब तक मोेहल्ले के लोग कुछ समझ पाते लुटेरे छत के रास्ते से भाग निकले। पुलिस ने अर्द्धबेहोशी हालत में युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया है।
शहर के मोहल्ला खजुरिहा बाग नई बस्ती कल्याणी देवी निवासी रामकुमार शहर के मोतीनगर मोहल्ला में सैलून की दुकान चलाता है। दो बेटे बबलू व सर्वेश भी दही चौकी में सैलून खोले हैं। तीसरा बेटा गोविंद दही चौकी स्थित टेनरी में काम करता है। रोज की तरह रविवार सुबह पिता-पुत्र काम पर निकल गए। घर में रामकुमार की बेटी ममता (18) अकेली थी। दोपहर एक बजे करीब वह बाहर कमरे में सो रही थी। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए तीन लुटेरे पीछे के कमरे में घुस गए। परिजनों के अनुसार लुटेरों ने छोटे बक्से का ताला तोड़ दिया। बक्से में कुछ न मिलने पर बड़े बक्से का ताला तोड़ने लगे। खटपट की आवाज सुन बाहर कमरे में सो रही युवती की नींद खुल गई। कमरे में पहुंचते ही लुटेरों ने उसे दबोच लिया। देर तक वह बदमाशों ने संघर्ष करती रही। युवती ने बताया कि लुटेरों ने उसका गला दबा दिया। खुद को बचाने की कोशिश में उसने कमरे में पड़े साबड़ से एक लुटेरे के पैर पर हमला कर दिया। वह किसी तरह लुटेरे के चंगुल से छूटकर भागकर बाहर गेट पर आई। युवती का शोर सुनकर जब तक मोहल्ले के लोग कुछ समझ पाते आरोपी छत के रास्ते से पीछे की दीवाल से कूदकर निकल गए। बेहोश युवती को तख्त पर लिटा पड़ोसियों ने उसके परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे घरवालों ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने एंबुलेंस से युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया। दिनदहाड़े वारदात से मोहल्ले में आक्रोश है। परिजनों ने बताया कि युवती की नींद खुलने से बदमाश कुछ भी लूटकर नहीं ले जा पाए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
इंसेट
घटना से मोहल्ले में दहशत
दिनदहाड़े लूट के इरादे से घर में घुसे लुटेरों की पिटाई से युवती के बेहोश होने की सूचना पर मोहल्ले के लोगों में हड़कंप मच गया। लुटेरों की आमद से मोहल्ले में दहशत के साथ आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना के काफी देर बाद पुलिस के दो सिपाहियों के मौके पर पहुंचने को लेकर भी मोेहल्ले के लोगों ने नाराजगी रही। उनका कहना था कि इतनी बड़ी घटना और पुलिस का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों ने मोहल्ले में दिन में भी पुलिस गश्त की मांग की है।