साहिबाबाद। कार सवार बदमाशों ने डीएवी स्कूल के पास इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के संचालक पिता-पुत्र पर बुधवार रात ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद दूसरा पुत्र दोनों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गया और पुलिस को सूचना दी।
घायल पिता-पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस लूट की घटना से भी इंकार नहीं कर रही है। राजेंद्र राजेंद्र नगर सेक्टर दो निवासी राज कुमार चौधरी(75) अपने पुत्र केसी चौधरी(46) और राकेश चौधरी के साथ शालीमार गार्डन गौड़ प्लाजा चौक पर इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम चलाते हैं ।
बुधवार रात करीब 10 बजे तीनों इनोवा कार में घर लौट रहे थे। कार डीएवी स्कूल के पास पहुंची ही थी कि सामने खड़ी वैगन आर कार अचानक उनकी कार के सामने आकर खड़ी हो गई। कार चला रहे केसी चौधरी कुछ समझते इससे पहले ही सामने खड़ी कार से दो युवक उतरे और पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी।
राजकुमार की जांघ में गोली लगी जबकि केसी चौधरी के सीने में गोली लगी । फायरिंग करने के बाद दोनों युवक कार से पसोंडा की ओर भाग निकले। केसी चौधरी की बगल वाली सीट पर बैठे राकेश ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कार लेकर जीटीबी अस्पताल भागे।
उन्होंने पिता राजकुमार और भाई को अस्पताल में भर्ती कराया जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है । राकेश के अनुसार केसी चौधरी के सीने पर हाथ में गोलियां लगी हैं जबकि पिता राजकुमार के पैर और सीने में गोली लगी है। एसएचओ राशिद अली ने बताया मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। जल्दी बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।