सूर्यनगर रेलवे ओवर ब्रिज पर शराब के नशे में धुत तेज रफ्तार एसयूवी कार सवार ने सामने से बुलेट मोटर साइकिल पर आ रहे टेंट कारोबारी और उनके कर्मचारियों को टक्कर मार दी। हादसे में टेंट कारोबारी और एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी है। आरोपी चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
कार से शराब की बोतलें मिली हैं।वैशाली सेक्टर-1 निवासी योगेश कुमार (28) सेक्टर-2 में पिता राकेश के साथ टेंट कारोबार करते हैं। शुक्रवार शाम को वह तीन कर्मचारियों के साथ बृज विहार में टेंट लगाने गए थे। रात करीब 12 बजे योगेश बाइक पर कर्मचारी रेहान (23) और नजरुल निवासी महाराजपुर के साथ लौट रहे थे।
सूर्यनगर आरओबी पर चढ़ते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी कार ने उनकी बुलेट मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जो इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठा नजरुल आरओबी से नीचे झाड़ियों में जा गिरा, जबकि योगेश और रिहान वहीं पड़े रहे। टक्कर से कार के एयरबैग खुल गए।
आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया, तीनों घायलों को कौशांबी के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां योगेश और रिहान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि नजरुल की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था।
एसएचओ रोजंत त्यागी ने बताया कि हादसे में कार का अगला हिस्सा और बुलेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहां से गुजर रहे लोगों का कहना है कि टक्कर के समय कार की गति करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। कार के नंबर से आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
पार्टी के बाद शराब के नशे में था कार चालक
पुलिस को कार से शराब की कई बोतलें मिली हैं। अंदेशा है कि चालक कार में ही शराब पार्टी कर घर लौट रहा था। अधिक नशे में होने के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपी का सुराग लग सके।
पिता की मौत से अनजान है तीन साल का बेटा अक्की
योगेश यहां पिता राकेश, मां, छोटे भाई ललित, पत्नी साक्षी और तीन साल के बेटे अक्की के साथ रहते थे। योगेश की करीब चार साल पहले शादी हुई थी। घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। पड़ोसियों ने बताया कि घर में सबको रोता देख अक्की बार-बार पूछ रहा है कि क्या हुआ, मगर कोई उसे जवाब नहीं दे रहा है।
योगेश बेहद हंसमुख थे। उधर, रिहान और नजरुल कुछ माह पहले ही बिहार से मजदूरी करने आए थे। दोनों एक माह से योगेश के टेंट हाउस में काम कर रहे थे।