बैग में तमंचा लेकर रेलवे एक यात्री स्टेशन पर पहुंच गया। पुलिस से बचने के लिए उसने तमंचा सामान के बीच में छुपा लिया, लेकिन स्कैनर में बैग पहुंचा तो पकड़ा गया। बैग में तमंचा देख आरपीएफ स्टाफ अलर्ट हो गया और बैग के मालिक को तुरंत ही धर दबोचा।
सीओ जीआरपी रणधीर सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक सलीम अहमदपुर, अगौता बुलंदशहर का रहने वाला है। शनिवार देर रात सलीम अपने साथियों के साथ प्रयागराज एक्सप्रेस से इलाहाबाद जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा था। उसने अपने सामान में 315 बोर का तमंचा छुपाया हुआ था।
बजरिया एंट्री साइड पर लगे स्कैनर पर तैनात आरपीएफ स्टाफ ने उसका बैग स्कैन किया तो चौंक गए। बैग में सामान के बीच तमंचा रखा था। तमंचा देख सुरक्षा में तैनात आरपीएफ स्टाफ में हड़कंप मच गया। आशंका थी कि कहीं युवक व उसके साथी किसी वारदात को अंजाम न दे दें।
आरपीएफ ने तत्काल सलीम को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। उसने पूछताछ में बताया कि तमंचा किसी वारदात के लिए नहीं बल्कि शौक और सुरक्षा के लिए रखा था। जीआरपी सीओ ने बताया कि तमंचा बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।