खोड़ा कालोनी में हुई नरगिस हत्याकांड में आरोपी जीजा ने सनसनीखेज खुलासा किया है। उसने सात लाख कर्ज चुकाने के लिए तंत्र मंत्र का झांसा देकर साली का अपहरण किया था और फिर ससुर से फिरौती मांगी थी, नरगिस ने इसका विरोध किया था, जिस पर उसने उसकी हत्या कर दी थी।
नौशाद दिल्ली के सीपी में कंप्यूटर हार्ड वियर की दुकान पर काम कराता है। एसपी सिटी के सामने प्रेस कांफ्रेंस में नौशाद ने बताया कि उस पर दो साल पहले सात लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज देने वाले उस पर रुपये लौटाने का लगातार दबाव बना रहे थे।
कर्ज चुकाने के लिए उसने नरगिस के अपहरण की साजिश रची थी। नौशाद ने नरगिस ने कहा था कि उसे किसी बाबा ने कहा कि वह किसी जवान लड़की के हाथ पैर बांधकर एक मंत्र का जाप कराएगा तो उसका कर्ज उतर जाएगा। नरगिस ने नौशाद की बात मान ली।
वह मंगलवार को उसके कमरे पर चली गई, जहां नौशाद ने उसे बंधक बनाकर उसके मुंह पर टेप लगाकर चारपाई से बांध दिया। इसके बाद उसने पत्नी इशरत से कहा कि उसकी बहन का अपहरण हो गया और वह अपने खोड़ा स्थित मायके चली जाए।
नरगिस के परिवार में अपहरण की बात सुनकर अफरा तफरी का माहौल बन गया। नौशाद ने नरगिस के पिता सलाउद्दीन से बुधवार को सात लाख रुपये फिरौती की मांग की। नरगिस ने पिता से पैसों की फिरौती की बात सुनकर नौशाद का विरोध किया। इसके बाद नौशाद ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी।
दो टुकड़ों में काटा शव
बदबू फैलने पर नौशाद ने शुक्रवार दोपहर नरगिस के शव को दो टुकड़ों में काट दिया था। वह शव को ठिकाने लगाने वाला था। बता दें कि 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली नरगिस (20) की उसके जीजा नौशाद निवासी लोकप्रिय विहार ने अपहरण कर गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।