एसएसपी ऑफिस से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक आढ़ती से तमंचे के बल सोने की चेन, अंगूठी और 1500 रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर बदमाशों ने आढ़ती को गोली मारने की धमकी दी। वहीं, पुलिस का 100 नंबर एक फिर फेल साबित हुआ, कई बार ट्राई करने पर भी कॉल नहीं लगी।
नवयुग मार्केट में रहने वाले रामबाबू गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में आढ़त का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह घर से स्कूटी पर अनाज मंडी के लिए निकले थे।
वह जब एसएसपी ऑफिस से करीब 400 मीटर की दूरी पर पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवर टेक कर रोक लिया। रुकते ही एक बदमाश ने उन्हें पिस्टल के बल पर काबू कर लिया और दूसरे ने सोने की चेन, अंगूठी और कैश लूट लिया।
पीड़ित का कहना है कि बदमाशों की उम्र 22 से 25 साल की रही होगी। एक बदमाश ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि दूसरे का चेहरा खुला था। उन्होंने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देने के लिए कई बार 100 नंबर डायल किया, लेकिन उनकी कॉल कनेक्ट नहीं हुई।
इसके बाद गश्त करती एक पीआरवी उन्हें दिखाई दी। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से उन्होंने घटना के बारे में बताया तो पुलिसकर्मियों ने जांच के नाम पर खानापूर्ति की। इसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर दी। सीओ सेकेंड मनीष मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।