बैंककर्मियों की लापरवाही से रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी तेजपाल की बेटी की शादी अटक गई। इस संबंध में सोमवार को नगर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
दीनदयाल पुरी निवासी तेजपाल सिंचाई विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी हैं।
तेजपाल ने बताया कि वह वर्ष 2015 में जनधन योजना के तहत नवयुग मार्केट स्थित एसबीआई में खाता खुलवाने गए थे। इस दौरान बैंक से उन्हें एक अकाउंट नंबर दिया गया, जो उनके पड़ोसी के बैंक खाते का था।
उस खाते में उन्होंने रिटायरमेंट के बाद मिले 6.69 लाख रुपये जमा कराए। हाल ही में जब उन्होंने बैंक खाते का अपडेट लिया तो पता चला कि खाते से 2.24 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। रकम निकाले जाने की शिकायत बैंक प्रबंधक से की गई, तो बैंक की लापरवाही उजागर हुई।
इस पर बैंक ने बाकी रकम फ्रीज कर दी। दूसरी तरफ, उन्होंने पड़ोसी से रकम वापस मांगी तो उसने रकम नहीं दी। तेजपाल ने बताया कि उनकी बेटी की शादी होने वाली है, लेकिन रकम अटक जाने की वजह से शादी भी फिलहाल अटक गई है।
इस संबंध में बैंक के चीफ मैनेजर आरके सिंह ने बताया कि विभागीय जांच कराई जा रही है। लापरवाह कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र यादव का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है।