विजयनगर पुलिस ने 65 लाख रुपये के डोडा पाउडर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। डोडा की सप्लाई स्टूडेंट्स को भी की जाती थी। इतना ही नहीं, भीख मांगने वाले बच्चों से पुड़िया में डोडा बिकवाया जाता था।पकड़े गए आरोपी जितेंद्र रावत निवासी झंडापुर और मुख्त्यिार सिंह निवासी जनकपुरी साहिबाबाद हैं।
यह मध्य प्रदेश और बिहार से डोडा पाउडर लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करते थे। विजय नगर पुलिस ने सोमवार रात इन्हें एबीईएस अंडरपास के पास से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। सूचना थी कि दो लोग स्टूडेंट्स को डोडा पाउडर बचने आ रहे हैं।
इनके पास से पांच किलो डोडा पाउडर मिला। यह डोडा पाउडर तीन से पांच हजार रुपये किलो खरीदकर 70 से 80 हजार रुपये किलो बेचते थे। सीओ प्रथम इंद्रपाल सिंह ने बताया कि इनकी निशानदेही पर दिल्ली बार्डर स्थित एक गोदाम में छापा मारकर छह क्विंटल 45 किलो डोडा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये है।
एफबी-व्हाट्स एप के जरिए भी फंसाते थे ग्राहक
आरोपियों ने स्टूडेंट्स को फंसाने के लिए व्हाट्स एप-एफबी का भी सहारा लेते थे। भीख मांगने वाले छोटे बच्चों के जरिए उन तक डोडा पहुंचवाते थे।
प्रेस कांफ्रेंस में बोले आरोपी- पुलिस फंसा रही
प्रेस कांफ्रेंस में आरोपियों ने कहा कि पुलिस झूठ बोल रही है। उन्हें झूठे केसों में फंसा रही है। वह दोनों तो निजी कंपनी में जॉब करते हैं। सोमवार रात अपने पीने के लिए डोडा पाउडर लेकर जा रहे थे, तभी पुलिस ने दबोच लिया और बाकी का डोडा पाउडर भी उन पर लगा दिया।