अब रेल यात्रा के दौरान कोई हादसा या वारदात हो तो पूरे प्रदेश में एक ही व्हाट्स एप नंबर पर सूचना दी जा सकेगी। जीआरपी जल्द ही पूरे प्रदेश के लिए एक व्हाट्सएप नंबर लांच करने जा रही है। इसकी मॉनीटरिंग लखनऊ में जीआरपी के महानिदेशक कार्यालय से की जाएगी।
फिलहाल अलग-अलग मंडल के लिए जीआरपी के अलग हेल्पलाइन नंबर हैं जो एसपी जीआरपी की ओर से जारी किए गए हैं। ऐसे में अगर चलती ट्रेन में कोई वारदात होती है तो यात्रियों को यह जानकारी नहीं रहती कि सूचना कहां देनी है।
वह स्थानीय थाने में इसकी सूचना ट्रेन से उतरने के बाद देता है। इसके चलते बदमाश ट्रेस भी नहीं हो पाते। अब जीआरपी पूरे प्रदेश के लिए एक ही हेल्पलाइन नंबर और व्हाट्स एप नंबर जारी करेगी।
इस पर यात्री यात्री वीडियो, ऑडियो और मैसेज शेयर कर किसी भी घटना की सूचना दे सकेंगे। जीआरपी प्रभारी सोमवीर सिंह ने बताया कि जल्द ही लखनऊ से इस व्हाट्स एप नंबर की लांचिंग होगी।
चलती ट्रेनों में अगर वारदात होती है तो इस नंबर पर सूचना मिलते ही लखनऊ से संबंधित क्षेत्र के थाने और आसपास के थानों को इसकी सूचना दी मिल जाएगी। कई जिलों की जीआरपी के अलर्ट हो जाने से बदमाशों को पकड़ना भी आसान हो जाएगा।
रेलवे स्टेशन पर थाने के लिए लगाए दिशा सूचक बोर्ड
जीआरपी अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन की सभी एंट्री और फुटओवर ब्रिज पर थाने की जानकारी के लिए दिशा सूचक बोर्ड लगा दिए हैं। जीआरपी प्रभारी सोमवीर सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह बोर्ड लगाए गए हैं।
बोर्ड में न केवल थाने की लोकेशन दर्शायी गई है, बल्कि थाना प्रभारी, सीओ जीआरपी, कंट्रोल रूम और व्हाट्स एप नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि परेशानी के समय में लोग इन नंबरों पर कॉल कर मदद ले सके।