विजयनगर थाना क्षेत्र में हुए पार्षद छोटे लाल की हत्या में नामजद मुख्य आरोपी राजू शर्मा की गिरफ्तारी को पुलिस हाथ मलती ही रह गई, जबकि आरोपी ने सोमवार दोपहर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। न्यायाधीश ने उसे न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया है। पुलिस अब राजू को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
बता दें कि क्षेत्र में अवैध कारोबार का विरोध करने पर कुछ दिन पहले रात में घर के बाहर सो रहे कांग्रेसी पार्षद छोटेलाल पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इलाज के दौरान छोटेलाल की मौत हो गई थी।
इस मामले में परिजनों ने राजू शर्मा समेत कई आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया था। पुलिस इस मामले के मुख्य आरोपी राजू की तलाश में दबिश दे रही थी, मगर वह पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में पेश हो गया। सोमवार को राजू अपने अधिवक्ता के साथ एससी/एसटी एक्ट कोर्ट के न्यायाधीश सत्यप्रकाश त्रिपाठी के समक्ष पेश हुआ और सरेंडर कर दिया।
पार्षद की हत्या के विरोध में कांग्रेसियों ने निकाला कैंडल मार्च
गाजियाबाद। कांग्रेसी पार्षद छोटे लाल की हत्या के विरोध और उनकी आत्मा की शांति के लिए कांग्रेसियों ने सोमवार शाम कैंडल मार्च निकाला। पार्टी के जिला कार्यालय से पुराना बस अड्डा चौराहे तक उन्होंने पैदल मार्च किया और चौक पर मोमबत्तियां जलाकर दो मिनट का मौन रख उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कांग्रेसियों ने दिवंगत पार्षद के परिजनों को मुख्यमंत्री कोष से आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की। उन्होंने हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की भी मांग की है। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष राजाराम भारती, लालमन सिंह, विजय चौधरी, संजय शर्मा, प्रेमप्रकाश चीनी, जितेंद्र टांक, पार्षद सुल्तान सिंह खारी मौजूद रहे।
चक्का जाम करेंगे निगम वाहन चालक
निगम पार्षद की हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निगम वाहन चालकों ने चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। वाहन चालक संघ के महामंत्री सलीम अब्बासी और उपमंत्री राजीव शर्मा का कहना है कि दिवंगत पार्षद छोटे लाल अच्छी छवि के व्यक्ति थे, निगम कर्मचारियों के प्रति उनका व्यवहार सम्मान जनक रहता था।
कर्मचारियों ने एसएसपी को ज्ञापन देकर हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि गिरफ्तारी न हुई तो वह वाहनों का चक्का जाम करेंगे।
सीएम से मुआवजे की मांग
सपा के जिला प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह टीटू ने कहा है कि छोटे लाल हत्याकांड की जानकारी सीएम अखिलेश यादव को पत्र के माध्यम से दे दी गई है। छोटेलाल का परिवार काफी गरीब है। वह सीएम से मांग करेंगे कि छोटेलाल के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।