दुहाई स्थित एचआरआईटी संस्थान में शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। बाहरी छात्रों का एक गुट जबरन कालेज में घुस गया और कुछ छात्रों को पकड़कर पीटने लगा। इससे संस्थान में अफरातफरी मच गई। साथियों को पिटता देख कालेज के छात्र एकजुट हो गए और बाहरी छात्रों को दौड़ लिया।
स्टूडेंट्स ने बाहरी छात्रों को हाईवे पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। साथ ही हमलावर बाहरी छात्रों की कारों में जमकर तोड़फोड़ की। इसके चलते हाईवे पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा। स्टूडेंट्स का गुस्सा देख बाहरी छात्र भाग खड़े हुए। भागते समय हमलावरों की एक कार मौके पर छूट गई। हमले में कई छात्र चोटिल हुए हैं।
पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल इस मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे एचआरआईटी में सफेद ड्रेस पहले किसी अन्य संस्थान के छात्र जबरन अंदर घुस आए और कुछ स्टूडेंट्स की तलाश कर उन्हें पीटने लगे।
इतना ही नहीं बाहरी छात्रों ने फोन कर अपने साथियों को भी बुला लिया। कुछ ही देर में तीन लग्जरी कारों में सवार होकर लाठी-डंडे से लैस कई सारे युवक संस्थान में पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। अपने साथियों को पिटता देख एचआरआईटी के छात्र एकजुट हो गए और हमलावरों को दौड़ा लिया। स्टूडेंट्स ने हाईवे तक हमलावरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
साथ ही उनकी कारों में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद बाहरी छात्र भाग निकले। हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। मारपीट में कई स्टूडेंट्स चोटिल हो गए। वारदात की सूचना पर मौके पर पहुंची जांच पड़ताल में जुटी है।
मौके पर हमलावर जो स्कार्पियो गाड़ी छोड़कर भागे हैं, उस पर भाजपा जिला मंत्री की प्लेट लगी है। स्टूडेंट्स ने इस गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर मालिक की तलाश कर रही है।
किसी दूसरे संस्थान से आए स्टूडेंट्स ने कार सवार हमलावरों को बुलाकर संस्थान में जबरन घुसकर स्टूडेंट्स को पीटा। इसके बाद संस्थान के स्टूडेंट्स ने हमलावरों को खदेड़ दिया। संस्थान का कोई भी स्टूडेंट्स दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अतुल भूषण, प्रशासनिक अधिकारी, एचआरआईटी
वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर कार छोड़कर फरार हो चुके थे। झगड़े के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की है।
- सुबोध सक्सेना, एसओ मुरादनगर