गाजियाबाद से बुक कराई ओला ग्रेटर नोएडा में लूटी
गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन से ग्रेटर नोएडा के लिए बुक कराई ओला को ओमी-कॉम सोसायटी के पास लूट लिया। बदमाश चालक को गन प्वाइंट पर लेकर चार हजार रुपये, मोबाइल और ओला को लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विंटू प्रसाद राय राजनगर एक्सटेंशन की हाई एंड पैराडाइज सोसायटी में रहता है। वह ओला कैब चलाता है। नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 30 अप्रैल की रात करीब 12 बजे रेलवे स्टेशन से ग्रेटर नोएडा जाने के लिए दो युवकों ने कैब बुक कराई थी। दोनों युवकों को वह ग्रेटर नोएडा लेकर पहुंच गया। जैसे ही कैब ओमी कॉम सोसायटी के पास पहुंची तो आरोपियों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया। उसकी जेब में रखे चार हजार रुपये, मोबाइल और कार को लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने पहले ग्रेटर नोएडा थाने में तहरीर दी। वहां सुनवाई न होने पर युवक किसी तरह घर पहुंचा और अगले दिन नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
नगर कोतवाली पुलिस ने युवक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी युवकों ने उससे कई बार बात की। उनके व्यवहार से नहीं लग रहा था कि वह इस तरह की घटना को अंजाम देंगे। नगर कोतवाली प्रभारी जयकरण सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए जा रहे हैं, जिससे आरोपी की पहचान की जा सके।