लॉटरी के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से ठगी
गाजियाबाद। लॉटरी के नाम पर महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पीड़ित महिलाओं ने एसएसपी कार्यालय में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि आरोपी महिला 700 से अधिक महिलाओं से ठगी कर चुकी है।
शनिवार को मानव अधिकार संरक्षण संस्था की वूमेन सेल हेड राधा जौली के नेतृत्व में महिलाएं एसएसपी कार्यालय पहुंची। महिलाओं ने बताया कि संजयनगर निवासी एक महिला एनजीओ चलाती है। उन्होंने सभी महिलाओं को एक स्कीम बताई, जिसमें कहा गया कि यह स्कीम महिलाओं के उत्थान के लिए है । स्कीम के मुताबिक हर माह एक हजार रुपये जमा करने हैं, जो 20 माह तक देने होंगे। इस बीच अगर लॉटरी निकल जाती है तो आप को उस माह 20 हजार रुपये मिल जाएंगे और आगे पैसे नहीं देने होंगे। ऐसा न होने पर 20 माह के बाद आपको 21 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसमें एक हजार रुपये का मुनाफा होगा। काफी संख्या में महिलाओं ने करीब सात लाख रुपये जमा कर दिए। जब रुपये देने की बारी आई तो आरोपी महिला ने टालना शुरू कर दिया। अनीता खन्ना, पूजा, चंचल, अंजू सूरी, सिमरन, मनप्रीत, डिंपल, अंशु, गायत्री आदि महिलाओं ने एसएसपी कार्यालय पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।