बाइक सवार बदमाशों ने छात्र से चार लाख लूटे
लोनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के नहर रोड स्थित जावली कट के पास शनिवार दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार सवार छात्र से चार लाख रुपये लूट लिए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
श्याम मावी परिवार के साथ नोएडा में रहते हैं। उन्होंने बताया कि अपने बेटे शिवम मावी को उन्होंने सिखरानी गांव स्थित ताऊ रामबीर मावी के घर से चार लाख रुपये लाने को भेजा था। शिवम चार लाख रुपये लेकर ताऊ के घर से कार से लौट रहा था। जैसे ही वह बंथला नहर स्थित जावली कट के पास पहुंचा बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार में कुछ खामी बता रुकवा लिया। बदमाशों ने बेटे को कार से नीचे उतारकर धक्का दे दिया और कार लेकर भाग गए। शिवम ने बताया कि बदमाशों ने कार को एक किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ दिया और कार में रखे चार लाख रुपये लूट ले गए। पीड़ित ने लूट की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित के परिजनों ने लोनी कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दी है। लोनी कोतवाली एसएचओ उमेश कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल पुलिस जांच कर बदमाशों की तलाश कर रही है।