हुजूर, वकीलों के कोट हो रहे चोरी
गाजियाबाद। कचहरी में इन दिनों चोर एक के बाद एक वारदात कर रहे हैं। वकीलों के चेंबर में उनके कोट सुरक्षित नहीं रह गए हैं। दिनदहाड़े चेंबर से चोर कोट साफ कर रहे हैं। हाल में दो अधिवक्ताओं का कोट चोरी हो चुका है। मामले की शिकायत बार काउंसिल और पुलिस से की गई है।
पीड़ित अधिवक्ता विनय कुमार उपाध्याय का नई बिल्डिंग में चेंबर है। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार को एक केस के सिलसिले में कोर्ट में गए थे। इस बीच उनका चेंबर खुला हुआ था। चोरों ने चेंबर में घुसकर दीवार पर टंगा उनका एक काला कोट चोरी कर लिया। कोट की कीमत करीब साढ़े छह हजार रुपये बताई। उन्होंने बताया कि कचहरी में लगातार चोरियां हो रही हैं। बृहस्पतिवार को चोरों ने उनके पड़ोसी अधिवक्ता धर्मपाल सैनी के चेंबर से दो हेलमेट और अन्य सामान चोरी किया था। अधिवक्ता हरेंद्र के चेंबर से भी कोट और अन्य सामान चोरी हुआ था। पीड़ित अधिवक्ताओं का कहना है कचहरी परिसर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से वकील परेशान हैं। उन्होंने इस संबंध में बार एसोसिएशन को सूचित किया है। पुलिस से भी शिकायत की है। एसएचओ कविनगर का वारदात पर कहना है चोरों की तलाश की जा रही है। एहतियातन कचहरी में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। बार एसोसिएशन के सचिव परविंदर नागर का कहना है उन्हें अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। ऐसा मामला है तो एसएसपी से शिकायत की जाएगी। कचहरी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़वाई जाएगी।