रेस्टोरेंट में महिला से छेड़छाड़, हंगामा-मारपीट
क्रॉसिंग्स रिपब्लिक के एक रेस्टोरेंट में महिला से छेड़छाड़ के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट भी हुई। पुलिस ने आरोपी दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्रॉसिंग्स रिपब्लिक निवासी महिला परिवार के साथ मार्केट के ही एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थी। पति कार पार्क करने लगे तो महिला रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर चली गई। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने महिला पर फब्तियां कसते हुए उन्हें अश्लील इशारे किए। महिला ने विरोध किया तो युवक उनका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगे। इसी बीच महिला के पति मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया तो युवक वहां से चलते बने। इसके बाद दंपति होटल में खाना खाने लगा तभी दोनों युवक अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ वापस रेस्टोरेंट पहुंचे और महिला के पति से मारपीट की। मामला बढ़ता देख रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिस को सूचना दे दी। एसएचओ विजय नगर नरेश सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। महिला के पति को मामूली चोटें आई हैं।