मोबाइल लूटने वाले गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद। लोनी बार्डर पुलिस ने मोबाइल और पर्स लूटने वाले तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटे गए 15 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद की है। पकड़े गए लुटेरे दिल्ली व लोनी के बार्डर एरिया में लूट करते थे और पुलिस से बचने के लिए बार्डर पार कर दूसरे क्षेत्र में चले जाते थे।
एसपी ग्रामीण अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे अंकित सैनी निवासी जौहरीपुर दिल्ली, रवि ठाकुर निवासी करावल नगर दिल्ली और भोला निवासी बलराम नगर लोनी हैं। उन्हें चेकिंग के दौरान लोनी बार्डर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से बरामद एक मोबाइल आईटीओ दिल्ली से लूटा गया था। एक मोबाइल के संबंध में दिल्ली सराय काले खां थाने में केस दर्ज है। बरामद बाइक भी चोरी की है और दिल्ली में इसकी ई-एफआईआर दर्ज है। इनकी निशानदेही पर इनके साथियों को भी पकड़ा जाएगा।