मुख्य आरोपी को बचाने की साजिश रचने वाले दो सिपाही निलंबित
गाजियाबाद/साहिबाबाद। सरधना में दबंगों द्वारा किशोरी को जिंदा जला देने का जो मामला पूरे प्रदेश में गूंज रहा है, उसमें गाजियाबाद के दो सिपाहियों ने चंद रुपयों के लिए खाकी का दामन भी दागदार कर दिया। लिंक रोड थाने में तैनात दो कांस्टेबलों ने सरधना कांड के मुख्य आरोपी रोहित सैनी और उसके परिचितों से लाखों की डीलिंग कर फर्जी तरीके से शराब बरामद दिखाकर आबकारी अधिनियम की कार्रवाई कर जेल भेज दिया। जांच के बाद एसएसपी ने दोनों सिपाहियों को निलंबित कर उनकी बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने लिंक रोड थाने के एसएचओ और एक चौकी इंचार्ज को भी लाइनहाजिर कर दिया है।
सरधना में घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसे जला देने के मामले में रोहित सैनी के खिलाफ बलवा, उसके पिता गजराज समेत कई लोगों पर हत्या का प्रयास, पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए रोहित सैनी ने अपने खुर्जा निवासी फूफा चमन सैनी और उसके परिचित मुखिया नाम के व्यक्ति की मदद से लिंक रोड थाने में तैनात दो कांस्टेबल जयगोविंद और रामगोपाल से मिलीभगत की। 20 अगस्त की देर रात रोहित सैनी को फर्जीवाड़ा कर 40 पव्वे शराब के साथ गिरफ्तार दर्शा दिया गया और आबकारी अधिनियम में जेल भेज दिया गया। मेरठ पुलिस की शिकायत पर 22 अगस्त को मामला सामने आया, तो एसएसपी वैभव कृष्ण ने दोनों सिपाहियों जयगोविंद और रामगोपाल को लाइन हाजिर कर दिया था। जांच सीओ साहिबाबाद राकेश कुमार मिश्रा को दी थी। सीओ की जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसएसपी ने दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ लिंक रोड थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा लापरवाही पाए जाने पर एसएचओ जेपी चौबे और महाराजपुर चौकी प्रभारी अजय वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया।
दरोगा ने दर्ज कराया केस
एसएसपी के आदेश पर लिंक रोड थाने में तैनात दरोगा किशन सिंह ने लिंक रोड थाने में सिपाही रामगोपाल, जय गोविंद और रोहित के फूफा चमन सैनी के खिलाफ झूठे सबूत के आधार पर किसी को सजा से बचाने, झूठा रिकॉर्ड तैयार करने, कानून के विपरीत काम करने के साथ भ्रष्टाचार अधिनियम एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मेरठ पुलिस को फोन से हुई मामले की जानकारी
पुलिस सूत्रों की मानें तो फरार चल रहे रोहित सैनी के मोबाइल को पुलिस ट्रेस कर रही थी। घटना के बाद से लगातार आरोपी अपना नंबर बदल रहा था। वह नंबर बदलकर गाजियाबाद और लिंक रोड थाना क्षेत्र के सिपाहियों के संपर्क में था। इसी के चलते आरोपी और लिंक रोड पुलिस की मिलीभगत की जानकारी हुई।
कोट
जांच में आरोपी रोहित सैनी की लिंक रोड थाने में तैनात सिपाहियों से साठगांठ पाई गई है। दोनों को निलंबित कर दिया है। उनकी बर्खास्तगी के लिए कार्रवाई की जा रही है। काम में लापरवाही और अभियुक्त से पूछताछ कर सही मामला न जानने के आरोप में एसएचओ लिंक रोड और चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है।
- वैभव कृष्ण, एसएसपी