खोड़ा थाने के पास ऑटो चालक की हत्या
साहिबाबाद। खोड़ा थाने के पास सोम बाजार में शुक्रवार देर रात पार्टी के दौरान हुए विवाद में तीन दोस्तों ने आटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
खोड़ा की नवनीत विहार में लोमान उर्फ कल्लू (21) परिवार के साथ रहता था। वह दिल्ली-एनसीआर में ऑटो चलाता था। मृतक के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात कल्लू और उसके तीन दोस्त आमिर, अनीस और दिल्ली के सीलमपुर निवासी नदीम ने सोम बाजार में पार्टी की थी। रात करीब डेढ़ बजे चारों ने शराब पी और बाद में खाना खाया। इसी दौरान कल्लू की तीनों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आमिर और अनीस ने कल्लू का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद नदीम ने तमंचा निकाल कर उसके सीने में गोली मार दी। इसके बाद तीनों भाग गए। गोली की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर आ गए। कल्लू को लहूलुहान देख देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कल्लू को इंदिरापुरम के एक अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ इंदिरापुरम राकेश मिश्रा ने बताया कि आमिर, नदीम और अनीस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पहले से बनाई थी हत्या की योजना
मृतक के परिजनों का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने पहले से ही कल्लू की हत्या की योजना बना ली थी। इसीलिए उसे पार्टी के बहाने रात में बुलाया और उसकी हत्या कर दी। उनका कहना है कि अगर कल्लू की हत्या नहीं करनी होती तो आरोपी तमंचा लेकर नहीं आते।
पुलिस चौकी के पास हुई हत्या
खोड़ा में आरोपियों ने लोधी पुलिस चौकी के पास हत्या की वारदात को अंजाम दिया। घटना स्थल से पुलिस चौकी की दूरी महज 50 मीटर से भी कम है। जबकि खोड़ा थाने की दूरी 500 मीटर है। इसके बावजूद भी आरोपी हत्या करने के बाद से फरार हो गए। पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
हाल ही में तय हुई थी शादी
कल्लू की हाल ही में इसी वर्ष शादी होनी तय हुई है। परिजन लड़की देखकर रिश्ता तय कर चुके थे। जल्द ही सगाई कर शादी करना चाहते थे। कल्लू के पिता एहसान का कहना है कि वह हृदय रोग के मरीज हैं। कल्लू की कमाई से परिवार का खर्च और उनका इलाज चल रहा था। कल्लू के भाई गुफरान और फरमान का कहना है कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि उनका भाई अब नहीं है।
एक व्यक्ति से हुआ था ऑटो खड़ा करने को विवाद
मृतक के रिश्तेदार चौधरी अबू सईद का कहना है कि हाल की में कल्लू का मोहल्ले के रहने वाले एक व्यक्ति से ऑटो खड़ा करने को लेकर झगड़ा हुआ। आरोप है कि रंजिशन हत्या कराई गई है। पुलिस जांच कर रही है।