पुलिस की 10 टीमें भी लुटेरों का नहीं लगा सकी सुराग
- मुंबई के सराफा कारोबारी के सेल्स मैनेजर से सोना लूट का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद। राजेंद्र नगर में सीओ आफिस के पास मुंबई के सोना कारोबारी के सेल्स मैनेजर से 10 किलो सोना लूट के मामले में एक सप्ताह बाद भी पुलिस हवा में तीर चला रही है। पुलिस की दस टीमें लुटेरे को पकड़ने के लिए लगी हुई हैं। बुलंदशहर और मेरठ की पुलिस भी उनकी मदद कर रही हैं।
राजेंद्रनगर में हुई दस किलो सोना लूट के मामले में पुलिस की टीमें बदमाशों का सुराग तलाशने के लिए मेरठ से दिल्ली तक सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल नंबरों को खंगाल चुकी हैं। एक सप्ताह बाद भी पुलिस को बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस की टीम ने गाजियाबाद जेल में बद बंदियों से भी पूछताछ की है। वारदात के तरीके से बावरिया गिरोह के बदमाशों पर पुलिस को शक है। पुलिस की एक टीम जयपुर में भी जानकारी जुटा रही है। एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि पुलिस की टीमें काम कर रही हैं। जल्द इस सोना लूट कांड का खुलासा कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि मुंबई के यूनियन चेनस एंड ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के सेल्स मैनेजर रोहित जैन एक साथी के साथ 18 मार्च को 10 किलो सोने के गहने लेकर दिल्ली आए थे। दिल्ली से वह अपने एक साथी के साथ कार से मेरठ गए थे। यहां उन्होंने सराफा कारोबारियों को सैंपल दिखाया आरे रात में दिल्ली लौट रहे थे। साहिबाबाद के राजेंद्रनगर में सीओ आफिस के पास पुलिस की वर्दी में बदमाशों ने मैनेजर को बंधक बनाकर 10 किलो सोना लूट लिया था।