कार से भिड़ंत होने पर रोडवेज बस खाई में गिरी
गढ़मुक्तेश्वर। कार में साइड लगने से अनियंत्रित हुई रुहेलखंड डिपो की रोडवेज बस हाइवे किनारे खाई में गिरकर पलट गई। इससे बस में बैठी महिला बच्चों समेत 15 सवारी घायल हो गईं।
रुहेलखंड डिपो की रोडवेज बस 26 जनवरी तड़के दिल्ली से बरेली जा रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे ब्रजघाट पुलिस चेक पोस्ट के सामने ओवर टेकिंग करने की कोशिश में पीछे से जा रही कार आगे चल रही बस के टायर से टकरा गई। इस दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया जिससे अनियंत्रित हुई रोडवेज बस हाइवे किनारे खाई में गिरकर पलट गई। इस दौरान वहां से आने-जाने वाले लोगों ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने की कवायद में जुट गए। इस दौरान पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई। बस में फंसे घायलों को खिड़कियों के शीशे तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। इस हादसे में बस चालक मुकेश बदायूं, परिचालक राजवीर, नूर मोहम्मद मुरादाबाद, नेहा, गंगाराम पीलीभीत, रेखा, जयव्रत, रोहित रामपुर, दिनेश, विजयपाल संभल के साथ ही महिला और बच्चों समेत 15 से भी अधिक यात्री घायल हो गए। ब्रजघाट चौकी इंचार्ज राजीव सिंह ने बताया कि सभी घायलों की हालत पूरी तरह खतरे से बाहर है। बस चालक ने ओवर टेकिंग की कोशिश के दौरान पीछे से टक्कर मारने वाले अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।