पिता ने डांटा तो छात्रा ने लगाई गंगनहर में छलांग
मसूरी। माता-पिता की डांट से क्षुब्ध होकर 10वीं की एक छात्रा ने बृहस्पतिवार दोपहर मसूरी गंगनहर में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने छात्रा को छलांग लगाते देख लिया और नहर में कूदकर उसे बचा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
खिचरा निवासी इंद्रदेव राम की बेटी पूजा (15) पूठी के एक इंटर कालेज में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। वह मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। एक दिन पूर्व पूजा को उसके माता-पिता ने किसी बात को लेकर डांट दिया। इससे वह नाराज हो गई। बृहस्पतिवार को वह अपनी बहन रोशनी और भाई वंश के साथ स्कूल गई थी। लौटते वक्त करीब डेढ़ बजे उसने अपने दोनों भाई-बहन को बैग देकर घर भेज दिया और खुद थोड़ी देर में सामान लेकर आने के लिए कहा। वंश और रोशनी के जाने के बाद पूजा मसूरी बस स्टैंड पहुंची और पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी। इसी दौरान उसे सद्दाम, फरियाद और एक ठेले वाले ने छलांग लगाते देख लिया। तीनों छात्रा को बचाने के लिए गंगनहर में कूद गए और उसे सकुशल बाहर निकाल लाए। घटना की सूचना मसूरी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच छात्रा को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया और परिजनों को फोन करके बुलाया। बाद में छात्रा को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
-----